ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बस्तर के विकास पर CM साय का बड़ा बयान, बोले- जनता तय करेगी दिशा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बस्तर के विकास की दिशा वहां की जनता की आकांक्षाओं और जरूरतों के मुताबिक तय होगी। उन्होंने कहा कि बस्तर के लोगों को किसी तरह के भ्रम में रहने की जरूरत नहीं है। सरकार कृषि, पर्यटन, पशुपालन और स्थानीय संभावनाओं के आधार पर आजीविका और विकास के अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है।

एक निजी समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में मुख्यमंत्री ने बस्तर के विकास, नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई और महिला सशक्तीकरण सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद के कारण बस्तर विकास की मुख्यधारा से पीछे रहा। अब नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई निर्णायक दौर में पहुंची है और क्षेत्र में शांति एवं विकास का नया माहौल बन रहा है।

बड़े उद्योगों के लिए रास्ता बनाने का आरोप खारिज

सीएम साय ने उन दावों को खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा है कि नक्सलवाद खत्म करने के पीछे सरकार का उद्देश्य बड़े उद्योगों के लिए रास्ता तैयार करना है। उन्होंने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। बस्तर का भविष्य वहां की जनता की इच्छा और आकांक्षाओं के अनुरूप ही तय होगा।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग नए नैरेटिव के जरिए बस्तर के लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। सरकार का उद्देश्य क्षेत्र की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संभावनाओं को आगे बढ़ाकर स्थानीय लोगों के जीवन में समृद्धि लाना है।

कृषि, पशुपालन और पर्यटन को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में कृषि को मजबूत करने, पशुपालन को बढ़ावा देने और पर्यटन की संभावनाओं को अवसरों में बदलने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। शांति स्थापित होने के बाद दूरस्थ इलाकों तक विकास पहुंच रहा है। स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button