ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS का कैंपस: 40 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक संस्थान, 2-3 साल में शुरू होगा पहला बैच

रायपुर। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने जा रहा है। देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में संस्थान के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही कैंपस निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

NMIMS का अत्याधुनिक कैंपस नवा रायपुर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा। संस्थान संचालित करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को जमीन 90 साल की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

2-3 साल में शुरू होगा पहला बैच

कैंपस की पूरी स्थापना प्रक्रिया अगले 7 वर्षों में पूरी करने का लक्ष्य है। हालांकि विद्यार्थियों को इसका लाभ इससे पहले मिलना शुरू हो जाएगा। सरकार और संस्थान की योजना 2 से 3 वर्षों में पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने की है। कैंपस पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।

युवाओं को प्रदेश में ही मिलेंगे बड़े अवसर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए महानगरों की ओर नहीं जाना पड़े, यही सरकार का लक्ष्य है। NMIMS की स्थापना से प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्रदेश में ही उपलब्ध होगी।

संस्थान के आने से शिक्षा के साथ रोजगार, कौशल, नवाचार और उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उद्योगों और शैक्षणिक संस्थान के बीच सहयोग से रोजगार की जरूरत के मुताबिक कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।

एजुकेशन हब के रूप में मजबूत होगी नवा रायपुर की पहचान

NMIMS के कैंपस से देश के दूसरे हिस्सों से भी विद्यार्थी छत्तीसगढ़ आएंगे। इससे नवा रायपुर में विविधतापूर्ण शैक्षणिक और बौद्धिक माहौल विकसित होगा। सरकार नवा रायपुर को एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में NMIMS की स्थापना इस अभियान को नई गति देने वाला कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button