ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS का कैंपस, 40 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक संस्थान; 10 हजार छात्रों की होगी क्षमता

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में संस्थान के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके साथ ही कैंपस निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े, यही सरकार का प्रयास है। NMIMS की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे युवाओं को शिक्षा के साथ कौशल, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर मिलेंगे।

40 एकड़ में बनेगा कैंपस

नवा रायपुर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ जमीन पर NMIMS का अत्याधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा। श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह जमीन 90 साल की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को भूमि आवंटन को मंजूरी दी थी।

संस्थान की स्थापना का पूरा काम अगले सात वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। हालांकि, विद्यार्थियों को इससे पहले लाभ मिलने लगेगा। दो से तीन साल में पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने की योजना है। कैंपस पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी पढ़ सकेंगे।

शिक्षा के साथ रोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा

NMIMS में प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के जरिए युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा मिलेगी। संस्थान के आने से शोध, नवाचार और उद्योगों के साथ शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

देशभर से विद्यार्थियों और शिक्षकों के आने से नवा रायपुर का शैक्षणिक माहौल मजबूत होगा। साथ ही शहर की एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button