ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कोरबा ESIC अस्पताल के डॉक्टर ने किया सुसाइड: कर्मचारी आवास के बाथरूम में फंदे पर मिला शव; प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित ESIC अस्पताल के 30 वर्षीय डॉक्टर डॉ. एल्विन वे ने आत्महत्या कर ली। 29 अगस्त की शाम उनका शव अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। डॉक्टर के हाथ पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पुलिस को आशंका है कि डॉक्टर ने पहले सर्जिकल ब्लेड से हाथ की नस काटने की कोशिश की और इसके बाद फांसी लगाई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

सुबह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो स्टाफ ने खोजा

डॉ. एल्विन की 29 अगस्त को सुबह 9 बजे ओपीडी में ड्यूटी थी, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे। स्टाफ ने फोन किया, मगर कोई जवाब नहीं मिला। शाम तक संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी उनके आवास पहुंचे। अंदर से प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोला गया। बाथरूम में उनका शव फंदे पर मिला।

दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस की शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। डॉ. एल्विन का कोयंबटूर की एक युवती से करीब दो साल से संबंध था। दोनों की मुलाकात कोचिंग के दौरान हुई थी और परिवार शादी के लिए तैयार थे।

बताया गया कि डॉक्टर 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे। वहां उन्होंने युवती की मां और भाई से मुलाकात की। 12 अगस्त को पालक्काड के एक चर्च में शादी के लिए आवेदन भी किया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और रिश्ता टूट गया। कोरबा लौटने के बाद डॉक्टर गुमसुम रहने लगे थे।

माता-पिता को तबीयत खराब होने की बात कही

घटना से करीब तीन दिन पहले डॉ. एल्विन ने अपने माता-पिता को फोन कर तबीयत खराब होने की बात कहते हुए कोरबा बुलाया था। उनके पहुंचने पर बेटे की मौत की जानकारी मिली। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button