छत्तीसगढ़ में 5 दिन बारिश का अलर्ट: कोरबा में नाला उफना, स्कॉर्पियो डूबी; मैनपाट में युवक नदी में बहा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
बारिश के बीच कोरबा में दादर नाला उफान पर आ गया। शनिवार सुबह पानी के तेज बहाव के बीच नाला पार कर रही स्कॉर्पियो डूब गई। वाहन में सवार तीन दोस्तों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गाड़ी को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया।
सड़क पर बहकर आया डंपिंग का मलबा
कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर सड़क पर आ गया। देखते ही देखते सड़क मिट्टी और कीचड़ से पट गई। इस दौरान एक कार और यात्री बस मलबे में फंस गई। कार लगभग पूरी तरह मिट्टी में दब गई, जबकि बस के पहिए फंस गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मैनपाट में युवक नदी में बहा
सरगुजा के मैनपाट घूमने पहुंचे युवक-युवती बाइक समेत घुनघुट्टा नदी में बह गए। दोनों की आवाज सुनकर एक स्थानीय व्यक्ति रस्सी लेकर मौके पर पहुंचा। उसने करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी युवती को रस्सी फेंककर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वहीं युवक तेज बहाव में बह गया और डूब गया। उसकी तलाश जारी है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की है।





