नगर पंचायत में सफाईकर्मियों के बीच विवाद, ट्रैक्टर चालक ने टंगिया से किया हमला; 2 गंभीर घायल

बालोद। जिले के डौंडी नगर पंचायत में शनिवार सुबह कर्मचारियों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी ने दो सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना डौंडी थाना क्षेत्र के बाजार चौक की बताई जा रही है।
सफाई के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह नगर पंचायत के कर्मचारी बाजार चौक इलाके में सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी और सफाई कर्मचारियों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान गिरवर ने टंगिया निकालकर सफाई कर्मचारियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया।
दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज
हमले में रम्हू भुआर्य (50) और प्रेमलाल भुआर्य (45) घायल हुए हैं। दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्हें तत्काल डौंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
फिलहाल कर्मचारियों के बीच विवाद की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूछताछ के बाद ही झगड़े के कारण और घटना की पूरी जानकारी स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
आरोपी ट्रैक्टर चालक हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी को हिरासत में ले लिया है और उससे थाने में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और हमला किस परिस्थिति में हुआ।
घटना के बाद नगर पंचायत कर्मचारियों के बीच भी तनाव का माहौल है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





