किसानों की समृद्धि में ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की समृद्धि में ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि निहित है। किसान प्रदेश की प्रगति की धुरी हैं और उनकी आय बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री बुधवार को हरेली तिहार के अवसर पर नवा रायपुर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास के गृह प्रवेश एवं हरेली उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने मंत्री और उनके परिजनों को गृह प्रवेश तथा प्रदेशवासियों को हरेली पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण लोकपर्व है। इस दिन किसान कृषि औजारों और गौवंश की पूजा कर अच्छी बारिश, भरपूर फसल और खुशहाली की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। सरकार किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। इससे किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, आधुनिक तकनीक, कृषि यंत्रीकरण और आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हरेली को छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और कृषि परंपरा का प्रतीक बताते हुए कहा कि इसी पर्व से प्रदेश में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होता है। उन्होंने अच्छी बारिश से किसानों में बढ़े उत्साह का उल्लेख करते हुए बेहतर फसल और खुशहाली की कामना की।
समारोह में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राम भजन की प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और राजस्व मंत्री के परिजन उपस्थित रहे।





