सुप्रिया सुले की बेटी की शादी में दिखा सियासी मिलन, मोदी-शाह के साथ बैठे शरद पवार; सोनिया-राहुल और अखिलेश भी पहुंचे

नई दिल्ली। NCP (शरद गुट) सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले के शादी रिसेप्शन में सोमवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई दिग्गज नेता एक मंच पर नजर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने समारोह में पहुंचकर नवदंपति को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में शरद पवार, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी मौजूद रहे।
रिसेप्शन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह, NCP (शरद गुट) प्रमुख शरद पवार के साथ बैठे दिखाई दिए। तीनों नेताओं की साथ में तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। प्रधानमंत्री ने रिसेप्शन से कुछ घंटे पहले ही शरद पवार की पार्टी के लोकसभा के सभी 8 सांसदों से मुलाकात की थी।
समारोह में सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी पहुंचे। दोनों शाह से करीब 10 मीटर की दूरी पर खड़े नजर आए। वहीं, सोनिया गांधी को देखते ही अखिलेश यादव अपनी कुर्सी से उठकर खड़े हो गए। प्रधानमंत्री मोदी, सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं। भाजपा नेता स्मृति ईरानी और गिरिराज सिंह भी समारोह में शामिल हुए।
PM से मिले NCP-SP के 8 सांसद
सोमवार को ही सुप्रिया सुले के साथ NCP (SP) के लोकसभा के 8 सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। सांसद अमोल कोल्हे के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल ने पुणे-नाशिक सेमी हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट और कृषि कर्ज माफी से जुड़ी मांगें रखीं। सूत्रों के अनुसार प्याज की कीमत और चंद्रभागा नदी में प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया गया।
यह मुलाकात प्रस्तावित परिसीमन को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच हुई है। हालांकि सुप्रिया सुले कह चुकी हैं कि कानून का अंतिम प्रारूप देखने के बाद ही पार्टी अपना रुख तय करेगी।
NCP के NDA में जाने की अटकलें भी चली थीं
जून में शरद पवार की पार्टी के NDA में शामिल होने या कांग्रेस में विलय की अटकलें सामने आई थीं। हालांकि, NCP (SP) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने इन्हें अफवाह बताया था। शरद पवार ने 1999 में कांग्रेस से अलग होकर पीए संगमा और तारिक अनवर के साथ NCP का गठन किया था।





