जम्मू-कश्मीर में पुलिस नाका तोड़कर भागी संदिग्ध स्कॉर्पियो, फायरिंग के बाद सेना-CRPF का सर्च ऑपरेशन तेज

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन पुलिस नाका तोड़कर फरार हो गया। घटना चंदरकोट इलाके की है, जहां श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही स्कॉर्पियो को नियमित जांच के लिए रोका गया था। पुलिस के रुकने के संकेत को नजरअंदाज करते हुए चालक तेज रफ्तार में बैरिकेड पार कर भाग निकला।
वाहन को रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने पीछा किया और चेतावनी के बाद स्कॉर्पियो पर तीन राउंड फायरिंग भी की। इसके बावजूद चालक वाहन को लेकर नाशरी की दिशा में फरार होने में सफल रहा। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
संदिग्ध वाहन के फरार होने की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और भारतीय सेना ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। चंदरकोट से लेकर नाशरी और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी बढ़ा दी गई है तथा सभी प्रमुख मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां स्कॉर्पियो में सवार लोगों की पहचान और उनके इरादों का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल वाहन या उसमें मौजूद लोगों के बारे में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और संदिग्ध वाहन की तलाश के लिए तलाशी अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को समय रहते रोका जा सके।





