भवंस स्कूल बस की चपेट में आया मासूम: मौके पर मौत,परिजनों ने घेरा थाना

रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 साल के मासूम की जान चली गई।
घटना विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित अंडरब्रिज सर्विस रोड पर सुबह करीब 8 बजे हुई, जहां भवंस स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में आक्रोश फैल गया।
पुलिस के मुताबिक, अंडरब्रिज के पास रहने वाले राजा देवार का 3 वर्षीय बेटा स्कूल बस से टकरा गया। गंभीर चोट लगने से मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक धलेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। चालक और कंडक्टर से पूछताछ की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
घटना से नाराज परिजन और बस्ती के लोग बड़ी संख्या में विधानसभा थाना पहुंच गए। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया।
लोगों का आरोप है कि स्कूल बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।





