StateNewsदेश - विदेश

गुजरात-महाराष्ट्र समेत 5 राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट: असम में बाढ़ से 7 लाख प्रभावित, 66 मौतें; हिमाचल में 134 सड़कें बंद

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून का कहर जारी है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, देश में अब तक सामान्य से 16.1% कम बारिश दर्ज की गई है।

उत्तर भारत में 31 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में तेज बारिश की संभावना है। हिमाचल के चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। लगातार बारिश, लैंडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ के कारण प्रदेश में 134 सड़कें बंद हैं।

असम में बाढ़ से 7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य में अब तक 66 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। शिवसागर जिले में दिखौ नदी उफान पर है। बाढ़ के पानी और कीचड़ में कई वाहन डूब गए हैं।

गुजरात में सड़कें बनीं तालाब

गुजरात में भारी बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव की स्थिति है। सूरत में पेट्रोल पंप परिसर में पानी भर गया। अहमदाबाद में सनथल क्रॉस रोड के पास सड़क पर सीने तक पानी भर गया। बारिश के बाद एक बस भी पानी में डूब गई।

यूपी में 10 नदियां उफान पर

उत्तर प्रदेश में गंगा-यमुना समेत 10 नदियां उफान पर हैं। घाघरा और शारदा समेत चार नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बलिया में स्कूल और मकान सरयू नदी में समा गए। गोंडा में 100 बीघा से ज्यादा फसल डूब गई। 25 जिलों में बारिश और 8 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट है।

छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से 3 किसानों की मौत

छत्तीसगढ़ के कोरबा में धान की रोपाई के दौरान खेत में बिजली गिरने से 3 किसानों की मौत हो गई। हादसे के वक्त 25-30 किसान खेत में काम कर रहे थे। प्रदेश में अगले तीन दिन हल्की से भारी बारिश और कई जगह बिजली गिरने की चेतावनी है।

MP के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश के शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां 4 इंच या उससे ज्यादा बारिश हो सकती है। बिहार के 17 जिलों में भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

Related Articles

Back to top button