छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत: घरों में घुटनों तक भरा पानी, प्रदेश में 5 दिन तेज बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब रफ्तार पकड़ने लगा है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम के सक्रिय होने से मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अच्छी बारिश का अनुमान जताया है।
मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
इसी बीच बलरामपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मानती टेकाम (33) और उनकी 14 वर्षीय बेटी विमला टेकाम के रूप में हुई है। दोनों गुरुवार को खेत में काम करने गई थीं।
दोपहर में अचानक तेज बारिश शुरू होने पर वे बचने के लिए खेत के पास एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान बिजली गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रदेश के कई जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर के राजपुर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। नेशनल हाईवे-343 के किनारे स्थित कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया।
लोगों के घरों में रखा अनाज, बिस्तर, कपड़े, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान पानी में भीग गया, जिससे काफी नुकसान हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई है। वहीं दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश दर्ज की गई।
विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
हालांकि प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के बावजूद अब तक औसत बारिश सामान्य से करीब 54 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश से इस कमी में सुधार आने की उम्मीद है।





