ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने भाजपा से दिया इस्तीफा: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पत्र, निजी कारणों का किया जिक्र

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बुधवार को उनका इस्तीफा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि, उन्होंने अपने इस्तीफे में सिर्फ निजी कारणों का हवाला दिया है और किसी अन्य विवाद का उल्लेख नहीं किया।

रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र से जुड़े रवि भगत ने भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश होता को संबोधित एक संक्षिप्त पत्र में लिखा कि एक छोटे से गांव के कार्यकर्ता होने के बावजूद पार्टी ने उन्हें पहचान और सम्मान दिया, जिसके लिए वे भाजपा के प्रति आभारी हैं। उन्होंने निजी कारणों से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने की बात कही। इस्तीफे की प्रतिलिपि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष को भी भेजी गई है।

रवि भगत से इस संबंध में संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे तीन लाइन के इस इस्तीफे को लेकर विभिन्न तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं।

दरअसल, यह पहला मौका नहीं है जब रवि भगत संगठन के साथ मतभेदों को लेकर चर्चा में आए हों। जुलाई 2025 में भाजपा प्रदेश कार्यालय ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। आरोप था कि उन्होंने सोशल मीडिया पर पार्टी की रीति-नीति और संगठनात्मक अनुशासन के विपरीत टिप्पणियां की थीं। पार्टी ने तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा था और असंतोषजनक जवाब मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।

रवि भगत पिछले कुछ समय से जिला खनिज न्यास (DMF) फंड के उपयोग को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर फंड के इस्तेमाल में कथित अनियमितताओं को लेकर कई बार अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उनके इस्तीफे के बाद एक बार फिर इन मुद्दों और पार्टी के भीतर चल रही गतिविधियों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Related Articles

Back to top button