ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

शादी का दबाव बना तो गर्लफ्रेंड की हत्या की साजिश: 4 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या, पति-पत्नी समेत 9 आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में चर्चित पूर्णिमा चौहान हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि शादीशुदा प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड की हत्या के लिए 4 लाख रुपये की सुपारी दी थी। युवती लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घटना 26 जून को सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा में हुई थी। दो नकाबपोश युवक बिना नंबर की बाइक से पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम (25) के घर पहुंचे। एक आरोपी घर के अंदर घुसा और पहचान की पुष्टि करने के बाद पिस्टल से तीन गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में पता चला कि पूर्णिमा का रायगढ़ निवासी शादीशुदा युवक मुरलीशंकर चौहान से प्रेम संबंध था। दोनों आयुर्वेदिक दवाइयों के प्रचार-प्रसार का काम करते थे। बाद में मुरलीशंकर ने उससे दूरी बना ली, लेकिन पूर्णिमा शादी करने की जिद पर अड़ी रही। इसके बाद मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा ने झारखंड के शूटरों से संपर्क कर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने ‘शूटर’ फिल्म देखकर पूरी योजना बनाई थी। चम्पा ने अपने डाकघर खाते से पैसे निकालकर दो लाख रुपये एडवांस के रूप में शूटरों को दिए थे।

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र में दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और 71,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button