Uncategorized

सेमीफाइनल के लिए भारत के सामने ऑस्ट्रेलिया की चुनौती: जीत जरूरी, साउथ अफ्रीका-बांग्लादेश मैच पर भी रहेगी नजर

नई दिल्ली। आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-ए से दूसरे सेमीफाइनलिस्ट का फैसला रविवार को होगा। लॉर्ड्स में दो अहम मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका का सामना बांग्लादेश से होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में भारत की टक्कर मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम से होगी। भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने का सबसे आसान रास्ता ऑस्ट्रेलिया को हराना है।

ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया 8 अंकों के साथ शीर्ष पर है और लगभग सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के 4-4 मैचों में 6-6 अंक हैं, लेकिन भारत का नेट रनरेट (+2.268) दक्षिण अफ्रीका (+0.734) से बेहतर है। ऐसे में भारत यदि ऑस्ट्रेलिया को हरा देता है तो अंतिम चार में उसकी जगह लगभग तय हो जाएगी।

यदि भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों अपने-अपने मुकाबले जीतते हैं तो तीनों टीमों के 8-8 अंक होंगे। उस स्थिति में बेहतर नेट रनरेट के आधार पर ऑस्ट्रेलिया और भारत सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे। वहीं अगर भारत हारता है और दक्षिण अफ्रीका जीत जाती है तो भारतीय टीम का सफर यहीं समाप्त हो सकता है।

भारतीय टीम अब तक पूरे टूर्नामेंट में अपनी सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग-11 तय नहीं कर सकी है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की बल्लेबाजी भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही, जबकि स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में हैं। गेंदबाजी में एन श्री चरणी ने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं।

दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी ऑलराउंडर एलिस पेरी बेहतरीन लय में हैं। उन्होंने पिछले मैच में अर्धशतक लगाने के साथ दो विकेट भी लिए थे। ऐसे में भारत के सामने मजबूत ऑस्ट्रेलियाई चुनौती होगी। लॉर्ड्स की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है और मौसम विभाग ने मैच के दौरान बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। भारत की नजर जीत के साथ सेमीफाइनल का टिकट पक्का करने पर होगी।

Related Articles

Back to top button