ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सुकमा के आदिवासी किसान के बेटे ने JEE एडवांस में लहराया परचम: बारसे रोशन की IIT तक पहुंच, पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगा जिला प्रशासन

सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित और अति-वनांचल क्षेत्र सुकमा से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है। जिले के झापरा क्षेत्र के आदिवासी छात्र बारसे रोशन ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE एडवांस 2026 में कैटेगरी रैंक 634 हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच किसान परिवार से आने वाले रोशन ने पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की है।

इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला प्रशासन ने रोशन का सम्मान किया। तुंगल डैम में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर अमित कुमार ने शाल और श्रीफल भेंट कर छात्र का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि रोशन की उच्च शिक्षा में आर्थिक परेशानी आड़े नहीं आएगी। जिला प्रशासन उसकी IIT की पढ़ाई का पूरा खर्च वहन करेगा।

रोशन की सफलता के पीछे जिला प्रशासन द्वारा संचालित क्षितिज कोचिंग इंस्टीट्यूट की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में संचालित यह संस्थान आदिवासी और ग्रामीण छात्रों को IIT तथा मेडिकल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कराता है।

जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मंडावी और नोडल अधिकारी आशीष राम के निर्देशन में शिक्षकों की टीम ने रोशन को परीक्षा के लिए तैयार किया। संस्थान के शिक्षकों और प्रबंधन ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन, रणनीति और निरंतर प्रेरणा प्रदान की।

रोशन के माता-पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की सफलता और प्रशासन के सहयोग से परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे। बारसे रोशन की उपलब्धि अब सुकमा के उन हजारों बच्चों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो संसाधनों की कमी के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।

Related Articles

Back to top button