ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

BSP से 250 टन लोहे की चोरी, कीमत करीब एक करोड़ रुपए

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई स्टील प्लांट से करीब 250 टन लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। चोरी किए गए लोहे की कीमत लगभग एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथखोज और अकलोरडीह इलाके के एक गोदाम से भारी मात्रा में चोरी का लोहा जब्त किया है।

मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, आरोपियों द्वारा फ्लाई ऐश के नीचे लोहे को छिपाकर प्लांट से बाहर निकाला जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि प्लांट की सुरक्षा में सीआईएसएफ के जवान तैनात हैं और पूरे परिसर में सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी लंबे समय तक होती रही।

पुलिस को शक है कि बिना अंदरूनी मिलीभगत के इस तरह की चोरी संभव नहीं है। दरअसल, पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि प्लांट से लोहे की प्लेटें और स्क्रैप चोरी कर बाहर सप्लाई किया जा रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई थी।

27 मई को पुलिस टीम ने संदिग्ध ट्रकों और हाईवा वाहनों पर नजर रखी। पीछा करते हुए टीम हथखोज स्थित एक गोदाम तक पहुंची। जैसे ही ट्रक गोदाम के अंदर पहुंचे, पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। कार्रवाई में छावनी सीएसपी प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 थाना पुलिस की टीम शामिल रही।

मौके पर मौजूद लोगों से जब्त लोहे के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरे गोदाम और यार्ड की तलाशी ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

Related Articles

Back to top button