छत्तीसगढ़ का सटोरिया नवीन बत्रा गोवा में गिरफ्तार, कस्टडी में लेकर जल्द रायपुर पहुंचेगी पुलिस

रायपुर। ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चल रही कार्रवाई में छत्तीसगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े फरार सटोरिया नवीन बत्रा को गोवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे नवीन बत्रा की तलाश रायपुर पुलिस समेत कई एजेंसियां कर रही थीं। अब रायपुर पुलिस की टीम गोवा रवाना हो चुकी है और जल्द ही उसे ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक गोवा के पोरोरिन थाना क्षेत्र स्थित ‘द मेंट्री गोवा होटल’ में देशभर के कई बड़े सटोरियों के ठहरने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद गोवा पुलिस ने होटल में देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नवीन बत्रा समेत 12 सटोरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े डिजिटल उपकरण भी जब्त किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नवीन बत्रा महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के चार बड़े पैनल संचालित कर रहा था। उसका नेटवर्क छत्तीसगढ़ से लेकर दुबई तक फैला हुआ बताया जा रहा है। नवीन के खिलाफ रायपुर समेत कई जिलों में मामले दर्ज हैं। सूरजपुर में कारोबारी की आत्महत्या मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
गोवा पुलिस की गिरफ्त में आए अन्य आरोपियों में नई दिल्ली के संजय शुब्बा, अकोला के करन राजेश पाटिल और अमित मोरे, बिलासपुर के विरेंद्र सिंह, रायपुर के सूरज नागदेव, किशन पोप्टानी और श्रेय शर्मा, सक्ती के टिकेश कुर्रे, जयपुर के आशीष मंत्री और वेस्ट दिल्ली के रितेश जायसवाल शामिल हैं।
इधर, रायपुर पुलिस अब ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के दूसरे बड़े खाईवाल यूसुफ पोट्टी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने उसके कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी है, लेकिन वह लगातार लोकेशन बदलकर बच निकल रहा है। सूत्रों के मुताबिक उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया जा चुका है।
महादेव सट्टा ऐप मामले में लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बाद अब पुलिस इस नेटवर्क के फाइनेंशियल लिंक, हवाला कनेक्शन और विदेशों से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।





