2 पत्नियों को साथ रखने की जिद में टावर पर चढ़ा पति: बोला- दोनों एक घर में रहेंगी तभी उतरूंगा, VIDEO वायरल

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दो पत्नियों के विवाद से परेशान एक युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। करीब 50 फीट ऊंचे टावर पर बैठकर उसने शर्त रख दी कि दोनों पत्नियां एक साथ रहेंगी, तभी वह नीचे उतरेगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेंड्रा का है। यहां रहने वाला यादराम साहू (30) खेती-किसानी करता है। उसकी पहली शादी साल 2019 में हुई थी। इसके बाद दूसरी महिला से प्रेम संबंध होने पर उसने 2022 में दूसरी शादी कर ली। शुरुआत में दोनों पत्नियां एक ही घर में रहती थीं, लेकिन आपसी विवाद के चलते दूसरी पत्नी अलग रहने लगी थी।
शनिवार को इसी बात को लेकर परिवार में फिर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि यादराम शराब के नशे में था। विवाद के बाद वह ट्रैक्टर लेकर गांव के पास स्थित हाईटेंशन टावर तक पहुंचा और करीब 50 फीट ऊपर चढ़ गया।
टावर पर बैठकर उसने मोबाइल से परिजनों और ग्रामीणों को फोन किया। वह बार-बार कहता रहा कि दोनों पत्नियां बिना झगड़े के एक साथ रहेंगी, तभी वह नीचे उतरेगा। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। किसी ने इसकी सूचना डायल-112 को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे तक चली समझाइश के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुआ। इस दौरान उसने लोगों को वीडियो नहीं बनाने की भी बात कही, लेकिन ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि युवक पारिवारिक विवाद और शराब की लत से परेशान था। फिलहाल उसे सुरक्षित नीचे उतारकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने परिवार को आपसी विवाद सुलझाने और काउंसिलिंग लेने की सलाह दी है।





