रायपुर में 8 साल बाद खुला कचना रेलवे ओवरब्रिज: अब फाटक पर नहीं रुकना पड़ेगा, 3 लाख लोगों को राहत

रायपुर। रायपुर में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार कचना रेलवे ओवरब्रिज आम लोगों के लिए शुरू हो गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को इसका लोकार्पण किया। ओवरब्रिज शुरू होने से अब लोगों को रेलवे फाटक पर घंटों जाम में फंसने और धूप-बारिश में इंतजार करने से राहत मिलेगी।
करीब 8 साल पहले इस ओवरब्रिज की योजना बनाई गई थी। उस समय यह इलाका शहर का आउटर माना जाता था, लेकिन अब कचना, सड्डू, जोरा और रिंग रोड-3 के आसपास तेजी से आबादी बढ़ी है। ऐसे में यह रेलवे फाटक लोगों के लिए बड़ी समस्या बन चुका था। रेलवे के मुताबिक इस रूट से हर दिन करीब 120 यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिसके कारण औसतन हर 15 मिनट में फाटक बंद हो जाता था।
ओवरब्रिज शुरू होने से वीआईपी स्टेट, अशोका रतन, कचना हाउसिंग बोर्ड, बाराडेरा, चंडीनगर, पार्वती नगर और भावना नगर समेत आसपास के इलाकों में रहने वाले करीब 3 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। अब लोगों को ट्रैफिक जाम और लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
लोकार्पण से पहले गुरुवार देर रात तक ब्रिज पर स्ट्रीट लाइट लगाने और अंतिम तैयारियों का काम चलता रहा। उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई लोग खुशी में ओवरब्रिज पर दौड़ते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान खम्हारडीह-कचना रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव, स्थानीय विधायक और पार्षद भी मौजूद रहे। लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज शुरू होने से शहर के इस हिस्से में ट्रैफिक व्यवस्था काफी बेहतर होगी।





