ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नीति आयोग के ‘Champions of Change’ में उसूर विकासखंड ने देशभर में हासिल किया दूसरा स्थान

बीजापुर। बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड ने नीति आयोग के “Champions of Change” कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।

अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में सेंट्रल इंडिया ज़ोन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर यह उपलब्धि मिली है। इस सफलता को राज्य सरकार की जनकेंद्रित विकास नीति और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि आकांक्षी और दूरस्थ क्षेत्रों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए मानक स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कभी चुनौतियों के लिए पहचाने जाने वाले इलाके अब स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान बना रहे हैं।

नीति आयोग के इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास जैसे विभिन्न मानकों पर विकासखंडों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है।

उसूर विकासखंड ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और परिणाम आधारित कार्यशैली के जरिए यह मुकाम हासिल किया।

इस उपलब्धि के पीछे बीजापुर प्रशासन द्वारा अपनाया गया “3C मॉडल” अहम माना जा रहा है। इसमें Convergence यानी योजनाओं का अभिसरण, Collaboration यानी विभागों और समुदाय के बीच सहयोग तथा Competition यानी बेहतर प्रदर्शन के लिए सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया गया। स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत, महिला एवं बाल विकास और कृषि विभागों ने मिलकर योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता केवल बीजापुर जिले की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल की पहचान है। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और आकांक्षी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button