ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी: 4 दिन में 5°C तक चढ़ेगा पारा, 4 जिलों में बारिश और तेज हवा का येलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

गरियाबंद, धमतरी, बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बारिश से लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्म हवाएं और तेज धूप लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर और मध्य भारत से आ रही गर्म हवाओं का असर अब छत्तीसगढ़ में भी साफ दिखाई देने लगा है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ रहा है, जिससे उमस और गर्मी दोनों का असर महसूस किया जा रहा है।

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्म हवाओं से सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button