सुशासन तिहार में पहुंचे प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन: अड़ेंगा शिविर में 1.06 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

कोंडागांव। कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड के ग्राम अड़ेंगा में शुक्रवार को आयोजित सुशासन तिहार शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी साबित हुआ।
शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ कांकेर सांसद भोजराज नाग, केशकाल विधायक नीलकंट टेकाम और कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना भी मौजूद रहीं।
शिविर में मंत्री देवांगन ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरित की और करीब 1 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान ग्रामीणों से जुड़े 210 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मांग और समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।
शिविर में 31 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र और 10वीं-12वीं के 5 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 12 श्रम पंजीयन कार्ड, 30 आधार कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 25 हितग्राहियों को मकान की चाबी, 15 जॉब कार्ड, 30 लखपति दीदी प्रमाण पत्र, 24 आयुष्मान कार्ड, 20 डिजिटल किसान कार्ड और 11 राशन कार्ड वितरित किए गए।
समाज कल्याण विभाग ने 4 मोटराइज्ड साइकिल, मत्स्य पालन विभाग ने मत्स्य जाल और उद्यानिकी विभाग ने 200 पौधों का वितरण किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 128 लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार के जरिए सरकार गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना और कृषि उन्नति योजना जैसी योजनाओं से आम लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
सांसद भोजराज नाग ने विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने में जनता की भागीदारी जरूरी बताई। वहीं विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि सरकार बस्तर में सड़क, स्वास्थ्य और पर्यटन विकास को प्राथमिकता दे रही है।



