StateNewsदेश - विदेश

आंधी-बारिश से यूपी में 111 मौतें, देशभर में हीटवेव का कहर: महाराष्ट्र के 4 शहरों में पारा 45°C पार

दिल्ली। देशभर में मौसम का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। एक तरफ उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है, तो दूसरी ओर कई राज्य भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं।

यूपी में पिछले दो दिनों में आंधी-तूफान और बारिश से 111 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज और 17 मौतें भदोही में दर्ज की गईं। खराब मौसम के चलते कई जिलों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

वहीं महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। महाराष्ट्र का अकोला 45.9°C के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। जलगांव, वर्धा और अमरावती में भी पारा 45°C से ऊपर दर्ज हुआ। राजस्थान के फलोदी में 45.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि जैसलमेर और बाड़मेर में भी तेज लू चली। यूपी का बांदा 45.2°C के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा।

राजस्थान की राजधानी जयपुर में दिनभर भीषण गर्मी के बाद शाम को बारिश हुई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44°C से ऊपर पहुंच गया। वहीं छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले दो दिनों तक बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 17 मई से राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और यूपी में गंभीर हीटवेव चल सकती है। कई राज्यों में रातें भी गर्म रहेंगी। लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button