असम में हिमंता सरकार-2 की शुरुआत, मोदी-शाह की मौजूदगी में शपथ आज

दिल्ली। असम में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनने जा रही है। हिमंता बिस्वा शर्मा कुछ ही देर में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
गुवाहाटी के खानापारा वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा और NDA शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल हो रहे हैं।
हिमंता के साथ रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नेओग मंत्री पद की शपथ लेंगी। भाजपा ने असम में इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 में से 82 सीटें जीतीं, जो बहुमत से काफी ज्यादा हैं। खास बात यह रही कि भाजपा सरकार का कोई भी मंत्री चुनाव नहीं हारा।
शपथ ग्रहण समारोह में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी भी पहुंचे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि असम के विकास के लिए दो लाख करोड़ रुपए की परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं।
भाजपा नेताओं ने हिमंता को पूर्वोत्तर में पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा बताया। NEDA के संयोजक के रूप में उन्होंने क्षेत्रीय दलों को साथ लाकर भाजपा को मजबूत किया।
गौरतलब है कि 2023 परिसीमन, हिंदुत्व की राजनीति, बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा और कांग्रेस-AIUDF के अलग-अलग चुनाव लड़ने जैसे फैक्टर भाजपा की बड़ी जीत की वजह बने। अब हिमंता सरकार पर असम के विकास और पूर्वोत्तर में भाजपा की पकड़ और मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।



