ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राजधानी के ज्वेलरी शॉप में करोड़ों की चोरी, सोने-चांदी के जेवर ले उड़े चोर

रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है, जहां शंकर नगर स्थित एक ज्वेलरी शॉप में करोड़ों रुपए की चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात दुकान में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 1 करोड़ रुपए के गहनों की चोरी हुई है।

जानकारी के अनुसार, शंकर नगर में स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स को शनिवार-रविवार की दरमियानी रात निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि रात करीब 12:30 बजे चोर दुकान में दाखिल हुए और वहां रखे कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस वक्त हुई, जब कारोबारी दुकान खोलने पहुंचा। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर व काउंटर से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने गायब मिले।

घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद क्राइम ब्रांच और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

वारदात के बाद इलाके के सराफा कारोबारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button