सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, 76,300 पर फिसला बाजार

दिल्ली। शेयर बाजार में आज यानी 11 मई को भारी गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार से ही दबाव में रहे बाजार में दोपहर तक तेज बिकवाली बढ़ गई।
BSE Sensex करीब 1000 अंक गिरकर 76,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं NIFTY 50 भी 300 अंक से ज्यादा टूटकर 23,900 के आसपास पहुंच गया।
आज के कारोबार में सबसे ज्यादा गिरावट ऑटो, बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली। निवेशकों की भारी बिकवाली के कारण बाजार लगातार दबाव में बना हुआ है।
बाजार गिरने की 3 बड़ी वजहें
पहली बड़ी वजह ईरान-इजराइल युद्ध को लेकर बढ़ती चिंता है, जिससे वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित होने का डर है। दूसरी वजह कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी है, जिससे भारत का आयात बिल और महंगाई बढ़ने की आशंका है। तीसरी वजह एशियाई बाजारों में गिरावट का असर है, जिसने भारतीय बाजार की धारणा को कमजोर किया।
एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 4% से ज्यादा गिरा, जबकि जापान का निक्केई और हांगकांग का हैंगसेंग भी लाल निशान में रहे।
विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया है। पिछले 7 दिनों में एफआईआई ने करीब 13,908 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए हैं, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) कुछ खरीदारी कर रहे हैं लेकिन वह गिरावट को रोक नहीं पा रहे हैं।
इससे पहले 8 मई को भी बाजार में गिरावट दर्ज की गई थी, जब सेंसेक्स 516 अंक टूटकर 77,328 पर बंद हुआ था और निफ्टी 150 अंक गिरकर 24,176 पर आ गया था। लगातार दूसरे सत्र में गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है और बाजार में अस्थिरता बनी हुई है।





