रायपुर में आज RCB-MI महामुकाबला, बारिश का साया

रायपुर। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज आईपीएल का हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। आरसीबी और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। हालांकि मैच पर मौसम का साया भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने रायपुर में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
शनिवार शाम हुई बारिश के कारण पिच और आउटफील्ड में हल्की नमी रहने की उम्मीद है। ऐसे में शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को सीम और स्विंग मिल सकती है। नई गेंद रुककर आने की संभावना है, जिससे बल्लेबाजों को शुरुआत में संभलकर खेलना पड़ सकता है। अगर नमी बनी रही तो स्पिनर्स को भी मिडिल ओवर्स में टर्न और ग्रिप मिल सकती है।
अब तक रायपुर में खेले गए 6 आईपीएल मुकाबलों में 4 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। इसी वजह से टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी चुन सकता है। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे से खुल जाएंगे।
दर्शकों के लिए इस बार डिजिटल M-टिकट व्यवस्था लागू की गई है। एंट्री केवल QR कोड स्कैन के जरिए मिलेगी। आयोजकों ने साफ किया है कि QR कोड मैच शुरू होने से कुछ समय पहले ही एक्टिव होगा। दोबारा एंट्री की अनुमति नहीं होगी।
ट्रैफिक पुलिस ने स्टेडियम तक पहुंचने के लिए विशेष रूट प्लान जारी किया है। पार्किंग से स्टेडियम तक करीब डेढ़ से दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ सकता है। सुरक्षा के लिए स्टेडियम परिसर में कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी निगरानी के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल और वालंटियर्स तैनात रहेंगे। स्टेडियम में छाता, बड़े बैग, कैमरा, हॉकी स्टिक, लेजर लाइट, पटाखे और धारदार वस्तुएं ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।





