सुवेंदु की शपथ में मोदी ने बुजुर्ग कार्यकर्ता के पैर छुए

दिल्ली। पश्चिम बंगाल में आज ऐतिहासिक राजनीतिक बदलाव का दिन है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे हैं।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृहमंत्री अमित शाह समेत एनडीए और भाजपा शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद हैं। परेड ग्राउंड को दुर्गा पंडाल थीम पर सजाया गया है और करीब एक लाख समर्थकों की मौजूदगी बताई जा रही है।
शपथ समारोह की सबसे चर्चित तस्वीर तब सामने आई, जब पीएम मोदी ने मंच पर भाजपा के 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके पैर छुए।
माखनलाल 1952 के कश्मीर आंदोलन में श्याम प्रसाद मुखर्जी के साथ तिरंगा फहराने गए थे, जहां उन्हें गिरफ्तार किया गया था। समारोह में गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर की 165वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई। पीएम मोदी और सुवेंदु अधिकारी ने मंच पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुवेंदु के साथ चार और विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, हालांकि नामों का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। भाजपा समर्थक भगवा झंडों और ‘जय श्रीराम’ के नारों के साथ समारोह स्थल पहुंचे।
1970 में पूर्व मेदिनीपुर में जन्मे सुवेंदु अधिकारी बचपन से ही आध्यात्मिक स्वभाव के रहे हैं। वे नियमित रूप से रामकृष्ण मिशन जाते थे और घरवाले डरते थे कि कहीं वे संन्यासी न बन जाएं।
बाद में उन्होंने राजनीति का रास्ता चुना और छात्र राजनीति से अपनी पहचान बनाई। भाजपा ने 2016 में पहली बार बंगाल विधानसभा में खाता खोला था, जबकि 2026 चुनाव में 207 सीटें जीतकर राज्य में पहली बार सरकार बनाई है।



