बंगाल के 15 बूथों पर री-पोलिंग जारी: डायमंड हार्बर में EVM खराबी पर हंगामा, वोटर्स बोले- आधे घंटे से लाइन में इंतजार

दिल्ली। श्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में विवादित रहे 15 मतदान केंद्रों पर शनिवार सुबह 7 बजे से दोबारा मतदान जारी है। दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर के 4 और मगरहाट पश्चिम के 11 बूथों पर शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान EVM में गड़बड़ी, छेड़छाड़ और झड़पों की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने री-पोलिंग का फैसला लिया था।
डायमंड हार्बर के रॉयनगर प्राइमरी स्कूल स्थित बूथ नंबर 243 पर सुबह EVM खराब होने से करीब एक घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। नाराज मतदाताओं ने कहा कि वे आधे घंटे से ज्यादा समय तक लाइन में खड़े रहे, लेकिन वोट नहीं डाल पाए। वहीं बागदा जूनियर हाई स्कूल और हरिदेवपुर एफपी स्कूल के बाहर भी सुबह से लंबी कतारें देखने को मिलीं।
री-पोलिंग के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मगरहाट पश्चिम में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। चुनाव आयोग ने मतदाताओं की पहचान के लिए इस बार उंगलियों पर ब्लू स्याही का इस्तेमाल किया है, क्योंकि पहले चरण में ब्लैक स्याही लगाई गई थी।
सुबह 9 बजे तक मगरहाट पश्चिम में 16.68% और डायमंड हार्बर में 15.83% मतदान दर्ज किया गया। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने फाल्टा समेत कई अन्य बूथों पर भी दोबारा मतदान की मांग की, जबकि TMC नेता शशि पांजा ने भाजपा पर बंगाल को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
इधर, EVM स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर भी सियासत गरमाई हुई है। TMC ने स्ट्रॉन्ग रूम में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को राजनीति बताया। राज्य की सभी 294 सीटों पर वोटिंग पूरी हो चुकी है और अब 4 मई को नतीजों का इंतजार है।बंगाल के 15 बूथों पर री-पोलिंग जारी: डायमंड हार्बर में EVM खराबी पर हंगामा, वोटर्स बोले- आधे घंटे से लाइन में इंतजार





