2400 रुपए के लिए बेरहमी: युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, मां ने सबूत जलाए

दुर्ग। दुर्ग-भिलाई के ग्राम करहीडीह में महज 2400 रुपए के लिए एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जेवरा-सिरसा चौकी पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी योगेंद्र निषाद उर्फ बाठू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक नाबालिग की भी संलिप्तता पाई गई है, जबकि आरोपी की मां ने सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, 25 अप्रैल की रात मृतक रामनारायण निषाद अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। कुछ देर बाद उसके दोस्त चले गए और वह नशे की हालत में वहीं लेटा रहा। इसी दौरान आरोपी योगेंद्र और उसका नाबालिग साथी वहां पहुंचे और उसकी जेब से 2400 रुपए निकालने लगे। तभी रामनारायण को होश आ गया और उसने विरोध किया।
विरोध के बाद आरोपियों ने पहले उसे बेरहमी से पीटा, फिर उसके पैर गमछे से बांधकर खेत की ओर घसीट ले गए। वहां दोनों ने पत्थर से उसका सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। अगले दिन 26 अप्रैल को पुलिस ने खेत से शव बरामद किया।
जांच के दौरान पुलिस ने खून से सना तकिया और कुछ लूटे हुए पैसे बरामद किए। वहीं, आरोपी की मां सावित्री निषाद ने खून से सने कपड़े और जूते जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी कर ली है।





