StateNewsदेश - विदेश

झारसुगुड़ा बना देश का सबसे गर्म शहर: 44.6°C तापमान, कई राज्यों में हीटवेव का कहर

दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। झारसुगुड़ा बुधवार को 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा।

इसके अलावा महाराष्ट्र के वर्धा में भी इतना ही तापमान दर्ज किया गया। देश के 16 से अधिक शहरों में पारा 43°C के पार पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। भीषण गर्मी को देखते हुए ओडिशा सरकार ने दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक जनगणना कार्य पर रोक लगा दी है, ताकि फील्ड स्टाफ को लू से बचाया जा सके।

गर्मी से राहत देने के लिए राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। वहीं, Delhi के स्कूलों में ‘वॉटर बेल सिस्टम’ लागू करने की तैयारी है, जिसके तहत हर 45-60 मिनट में घंटी बजाकर बच्चों को पानी पीने की याद दिलाई जाएगी।

ग्वालियर और बीकानेर के चिड़ियाघरों में जानवरों को गर्मी से बचाने के लिए कूलर और विशेष इंतजाम किए गए हैं। नागपुर, पटना और प्रयागराज जैसे शहरों में लोग चेहरे ढंककर और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेकर गर्मी से बचने की कोशिश कर रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राहत मिलने की संभावना कम है। 25 अप्रैल तक उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में लू का असर जारी रहेगा।

वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button