कबड्डी स्टार संजू देवी को 50 लाख की प्रोत्साहन राशि,डिप्टी CM अरुण साव ने किया सम्मानित

रायपुर। भारत को कबड्डी विश्वकप और एशियन चैंपियनशिप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी को राज्य सरकार ने 50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की है। यह राशि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित समारोह में सौंपी। प्रदेश में पहली बार किसी खिलाड़ी को इतनी बड़ी प्रोत्साहन राशि दी गई है।
संजू देवी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए कबड्डी विश्वकप में मोस्ट वेल्युबल प्लेयर (MVP) चुना गया था। फाइनल मुकाबले में भारत के 35 अंकों में से 16 अंक अकेले संजू ने दिलाए थे। सेमीफाइनल सहित पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन निर्णायक रहा, जिसने टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई।
कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली संजू ने बिलासपुर के बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने मेहनत और जुनून से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया। वह छत्तीसगढ़ की पहली महिला कबड्डी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए विश्वकप और एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक दिलाया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव मंच और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संजू जैसी खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि संजू का प्रदर्शन प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाने वाला है। सरकार खिलाड़ियों, खासकर बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर कबड्डी क्लबों को भी प्रोत्साहित किया गया। संजू की सफलता ने यह साबित कर दिया कि जुनून, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।





