ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

देवखोल में अवैध कोयला खनन पर बड़ी कार्रवाई: 6 टन से ज्यादा कोयला जब्त, सुरंगें ध्वस्त

रायपुर। जिले के पटना तहसील अंतर्गत देवखोल जंगल में अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज, वन, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को ताबड़तोड़ छापेमारी कर करीब 6 टन 61 किलो अवैध कोयला जब्त किया। कार्रवाई के दौरान 150 बोरी कोयला बरामद हुआ, जिसे मौके से कब्जे में लिया गया।

जिला प्रशासन द्वारा गठित टास्क फोर्स के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने अवैध रूप से बनाई गई सुरंगों में घुसकर कार्रवाई की और कई सुरंगों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान फावड़ा, गेती, विद्युत पंप, पाइप और बड़ी मात्रा में बिजली के तार भी जब्त किए गए, जिससे साफ है कि खनन कार्य संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था।

मामले में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग के मुताबिक, देवखोल क्षेत्र में पहले भी अवैध खदानों को ब्लास्ट कर बंद किया जा चुका है। एसईसीएल के माध्यम से सुरंगों को सील किया गया था, लेकिन कुछ लोग दोबारा इन्हें खोलकर अवैध खनन कर रहे हैं। हाल ही में पुलिस ने भी इसी क्षेत्र से 3 टन से अधिक कोयला जब्त किया था।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों को वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों से दूर रहें।

Related Articles

Back to top button