StateNewsदेश - विदेश

‘दीदी’ पर शिकंजा: बंगाल चुनाव के बीच ममता बनर्जी के प्रपोजर के घर IT की रेड, सियासी पारा हाई

दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। आयकर विभाग (IT) ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नामांकन के प्रपोजर के घर छापा मारकर राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। शुक्रवार को भवानीपुर स्थित 2 एल्गिन रोड पर मिराज शाह के घर IT की टीम ने कार्रवाई की। मिराज शाह ममता बनर्जी के नामांकन प्रस्तावकों में शामिल हैं और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में भी जाने जाते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग पिछले 5 से 10 साल के वित्तीय लेनदेन और आय से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है। बताया जा रहा है कि इससे पहले साल 2022 में भी उनके यहां तलाशी ली गई थी। इसके अलावा कालीघाट में तृणमूल कांग्रेस के नेता कुमार साहा के घर भी IT ने छापा मारा है।

इस कार्रवाई के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि चुनाव के दौरान केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है और विपक्ष को दबाने की कोशिश की जा रही है।

वहीं, इससे पहले भी TMC विधायक देबाशीष कुमार के घर और ऑफिस पर आयकर विभाग ने छापेमारी की थी। जानकारी के अनुसार, एक कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़े कथित अवैध लेनदेन और जमीन कब्जे के मामलों में यह कार्रवाई की गई है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी पहले जांच कर चुका है।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से बंगाल की राजनीति में तनाव बढ़ गया है। चुनावी माहौल के बीच इस तरह की छापेमारी ने राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को और तेज कर दिया है। फिलहाल, आयकर विभाग जांच में जुटा है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button