ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CM साय ने ‘मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया’ महाअभियान का किया शुभारंभ: 500 नए तरिया का शिलान्यास

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर के रणजीता स्टेडियम में ‘मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया’ महाअभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने “नवा तरिया, आय के जरिया” पहल के तहत प्रदेशभर में 500 नए तरिया (तालाब) निर्माण का शिलान्यास किया। इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल ही जीवन और विकास का आधार है। इस महाअभियान के जरिए गांव-गांव में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाया जा रहा है। इससे भूजल स्तर में सुधार होगा, सिंचाई सुविधाएं बढ़ेंगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि तरिया और आजीविका डबरी के माध्यम से मत्स्य पालन, बत्तख पालन, सब्जी उत्पादन और वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत इस अभियान में 10 हजार आजीविका डबरी निर्माण का लक्ष्य रखा गया था, जिसके मुकाबले 15 अप्रैल 2026 तक 13 हजार से अधिक डबरी का निर्माण पूरा कर लिया गया है। यह अभियान की तेजी और प्रभाव को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाओं, दीवार लेखन, बैनर और क्यूआर कोड के जरिए जानकारी दी जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी जागरूकता बढ़ाई जा रही है। महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए स्व सहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह अभियान ग्रामीण विकास और जल संरक्षण के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button