ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, 11 अक्टूबर 2026 को होगी संभावित परीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप स्कूल शिक्षा विभाग ने 5000 शिक्षकीय पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इसी क्रम में सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, इन 2292 पदों में से 795 पद ई-संवर्ग की शालाओं के लिए तथा 1497 पद टी-संवर्ग की शालाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा तथा अन्य आवश्यक शर्तें विस्तृत विज्ञापन में स्पष्ट रूप से दी जाएंगी।

लोक शिक्षण संचालनालय के उपसंचालक श्री अशोक नारायण बंजारा ने बताया कि भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट https://vyapamcg.cgstate.gov.in/ तथा स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही परीक्षा का पाठ्यक्रम भी व्यापम की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थी समय रहते तैयारी कर सकें।

उन्होंने जानकारी दी कि इन पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा किया जाएगा। परीक्षा की संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया और तिथियों की घोषणा अलग से व्यापम द्वारा की जाएगी।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप व्याख्याता एवं शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए भी अलग से विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिससे राज्य में शिक्षा क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी।

इस भर्ती प्रक्रिया से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है, साथ ही स्कूलों में शिक्षकों की कमी भी दूर होगी। सरकार का यह कदम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button