धान खरीदी घोटाला: 2.54 करोड़ की हेराफेरी, केंद्र प्रभारी पर FIR

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में धान खरीदी को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। हथनीकला धान खरीदी केंद्र में पदस्थ प्रभारी विक्रम सिंह राजपूत पर करीब 2.54 करोड़ रुपए के धान गबन का आरोप लगा है। इस मामले में सिटी कोतवाली थाना में FIR दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा मुंगेली के पर्यवेक्षक भरत लाल कौशिक ने शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, आरोपी ने 8216.30 क्विंटल धान की हेराफेरी की, जिसकी कीमत 2,54,70,530 रुपए आंकी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त जांच दल गठित किया गया था, जिसने 8 अप्रैल को अपनी रिपोर्ट सौंपी।
जांच में बड़ा अंतर सामने आया। ऑनलाइन रिकॉर्ड में 9798.70 क्विंटल धान दर्ज था, जबकि भौतिक सत्यापन में केवल 7534 क्विंटल धान मिला। इसके अलावा 682.30 क्विंटल का वजन भी कम पाया गया। इस तरह कुल 8216.30 क्विंटल धान की कमी सामने आई।
धान की गुणवत्ता में भी गड़बड़ी मिली। रिकॉर्ड में सरना धान की मात्रा ज्यादा दर्शाई गई थी, जबकि मौके पर मोटा धान अधिक और सरना धान बेहद कम पाया गया। इससे रिकॉर्ड में हेराफेरी की आशंका और मजबूत हो गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि नियमों का उल्लंघन करते हुए कंप्यूटर ऑपरेटर और बारदाना प्रभारी की गैरमौजूदगी में काम किया गया। आरोपी और उसके पिता द्वारा अनियमित तरीके से संचालन करने के संकेत भी मिले हैं।
जांच के दौरान आरोपी लगातार अनुपस्थित रहा और नोटिस के बावजूद जवाब नहीं दिया। इसके बाद 13 अप्रैल को उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस घोटाले में और कौन-कौन शामिल है।





