मस्तूरी गोलीकांड: फरार कांग्रेस नेता के घर आधी रात सर्च ऑपरेशन, परिजनों ने किया विरोध; आरोपी अब भी फरार

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के मस्तूरी गोलीकांड मामले में फरार आरोपियों की तलाश तेज करते हुए पुलिस ने आधी रात बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कांग्रेस नेता और इनामी आरोपी नागेंद्र राय के घर पर दबिश दी गई। हालांकि, करीब ढाई घंटे तक चली तलाशी के बावजूद आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस की टीम रात करीब एक बजे तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान-महमंद स्थित नागेंद्र राय के घर पहुंची। ऑपरेशन में डॉग स्क्वायड के साथ हथियारबंद जवान भी शामिल थे। पुलिस ने घर के हर कमरे और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की, लेकिन आरोपी वहां मौजूद नहीं मिला।
तलाशी के दौरान आरोपी के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। बेटे, भतीजे समेत अन्य परिवार के सदस्यों ने बहसबाजी करते हुए पुलिस को रोकने की कोशिश की। आधी रात की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने माहौल तनावपूर्ण बना दिया। इस स्थिति को देखते हुए पुलिस ने परिजनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने फरार आरोपी नागेंद्र राय और तारकेश्वर पाटले पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि नागेंद्र राय अपने घर में छिपा हो सकता है, इसी आधार पर यह सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि, उसके नहीं मिलने से आशंका जताई जा रही है कि वह राज्य से बाहर फरार हो सकता है।
गौरतलब है कि 29 अक्टूबर को मस्तूरी बस स्टैंड स्थित एक कार्यालय में जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह पर नकाबपोश हमलावरों ने फायरिंग की थी। जवाबी फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए थे। जांच में रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई का मामला सामने आया, जिसमें कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन मुख्य साजिशकर्ता अब भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



