ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में कल से हीट वेव का अलर्ट: 4 दिन में 4°C तक बढ़ेगा पारा, रायपुर-बिलासपुर-दुर्ग में सावधानी जरूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी अब अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है। मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से प्रदेश के कई इलाकों में हीट वेव (लू) चलने की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। राजधानी रायपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल कोई सक्रिय वेदर सिस्टम नहीं है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। यही वजह है कि तापमान लगातार बढ़ेगा और कई जगहों पर लू जैसी स्थिति बन सकती है। 16 अप्रैल से विशेष रूप से मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में 15 अप्रैल को आसमान पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को परेशानी हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

हालांकि फिलहाल कोई रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन 16 अप्रैल से संभावित हीट वेव को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button