ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अफेयर के शक में महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार

पत्थर से कुचलकर की वारदात; 8 दिन बाद चिरमिरी से पकड़ा गया आरोपी

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में अवैध संबंध के शक में एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया, फिर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के 8 दिन बाद पुलिस ने आरोपी को चिरमिरी से गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में 3 अप्रैल को रिंग रोड किनारे स्थित एक झोपड़ीनुमा मटन दुकान के पास महिला का शव खून से लथपथ मिला था। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद मामला और संवेदनशील हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मिथुन उर्फ पंडा का महिला के साथ पिछले करीब 6 साल से संबंध था। दोनों साथ में कबाड़ बीनने का काम करते थे। आरोपी को महिला के किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। वह ट्रेन के जरिए नागपुर की ओर गया और फिर चिरमिरी पहुंचकर एक रिश्तेदार के यहां छिप गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार तलाश के बाद उसे चिरमिरी से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अंबिकापुर लाया गया, जहां पुलिस ने उससे पूछताछ की और घटना स्थल पर ले जाकर क्राइम सीन री-क्रिएशन कराया। आरोपी ने वारदात कबूल करते हुए बताया कि उसने गुस्से में आकर पत्थर से सिर और सीने पर कई वार किए।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी पर विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। परिजनों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button