CM विष्णुदेव साय ने स्व. भुलऊ प्रसाद कौशिक को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताया शोक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के बड़े भाई स्वर्गीय भुलऊ प्रसाद कौशिक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर के परसदा स्थित विधायक निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया और दिवंगत के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्व. भुलऊ प्रसाद कौशिक का स्नेह, संस्कार और त्याग परिवार के लिए अमूल्य धरोहर है। उनका सरल, स्नेहमयी और विनम्र व्यक्तित्व हमेशा सभी के दिलों में जीवित रहेगा।
साय ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल दें। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में पूरा प्रदेश परिवार के साथ खड़ा है।
श्रद्धांजलि सभा में कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्व. भुलऊ प्रसाद कौशिक के जीवन और व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूरे माहौल में शोक और संवेदना की भावना देखने को मिली।





