ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भिलाई में महिला कर्मचारी का हाईवोल्टेज ड्रामा: मारुति शोरूम के GM को थप्पड़ मारे, चेहरे पर फेंकी स्याही

दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई में मारुति सुजुकी शोरूम के जीएम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला कर्मचारी ने शोरूम के अंदर ही जीएम अंकित आनंद को थप्पड़ मारे, लात चलाई और चेहरे पर स्याही फेंक दी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला ने जीएम पर अश्लील मैसेज भेजने, गलत तरीके से बात करने और छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं।

मामला सुपेला थाना क्षेत्र स्थित चौहान ऑटोमोबाइल शोरूम का है। जानकारी के मुताबिक महिला कर्मचारी पहले ही जीएम अंकित आनंद के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करा चुकी थी।

22 मई को पुलिस उसी मामले की जांच के लिए शोरूम पहुंची थी। इसी दौरान महिला का गुस्सा फूट पड़ा।

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जैसे ही जीएम शोरूम के अंदर पहुंचे, महिला कर्मचारी ने उनके ऊपर स्याही फेंक दी। इसके बाद वह सीधे उनके सामने पहुंची और थप्पड़ मारने लगी।

महिला ने लात भी चलाई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते नजर आए, लेकिन महिला काफी गुस्से में थी।

घटना के समय शोरूम में अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वहां महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं, इसलिए पुलिस सिर्फ समझाइश देती रही।

इस मामले में जीएम अंकित आनंद के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब शोरूम में काम करने वाली अन्य महिला कर्मचारियों के बयान भी दर्ज करेगी।

जानकारी के अनुसार 3 से 4 अन्य महिला स्टाफ ने भी जीएम पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, हालांकि अब तक वे खुलकर सामने नहीं आई हैं।

भिलाई नगर सीएसपी ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button