ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

माउंट एवरेस्ट फतह कर लौटी छत्तीसगढ़ की बेटी की बिगड़ी तबीयत: मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को दिए मदद के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर प्रदेश का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है।

जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली अमिता ने 22 मई 2026 को 8848 मीटर ऊंचे एवरेस्ट शिखर पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया। उनकी इस उपलब्धि पर सीएम विष्णुदेव साय ने बधाई देते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।

हालांकि समिट के बाद बेस कैंप लौटने के दौरान अत्यधिक ऊंचाई, ऑक्सीजन की कमी और शून्य से करीब 40 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के कारण अमिता की तबीयत बिगड़ गई।

उन्हें हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर नेपाल के काठमांडू स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक अमिता गंभीर फ्रॉस्टबाइट और हाई एल्टीट्यूड से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि अमिता ने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और मेहनत से प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा की नई मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटी ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अमिता के उपचार और आवश्यक मदद के लिए हरसंभव समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अमिता और उनके परिवार के साथ खड़ी है तथा लगातार संपर्क में रहकर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

साय ने अमिता के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उनका साहस और हौसला हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि अमिता जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगी।

Related Articles

Back to top button