जाकिर खान के बयान पर बवाल,अमीषा पटेल और सिद्धार्थ आनंद ने दिया जवाब

मुंबई। स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान के एक बयान ने फिल्म इंडस्ट्री में विवाद खड़ा कर दिया है। स्क्रीन अवॉर्ड के दौरान उन्होंने कहा था कि फिल्म ‘धुरंधर 2’ की लोग भले ही खुलकर तारीफ कर रहे हों, लेकिन अंदर ही अंदर इंडस्ट्री के कई लोग इस फिल्म से “जल” रहे हैं। उनके इस बयान पर कई फिल्मी हस्तियों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए कहा कि इस तरह की नकारात्मकता फैलाना सही नहीं है। उन्होंने लिखा कि फिल्म इंडस्ट्री हमेशा से अच्छे सिनेमा का सम्मान करती आई है।
उन्होंने शाहरूख खान, सलमान खान, सनी देवल, ऋतिक रोशन और अजय देवगन जैसे सितारों का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी ने कई सुपरहिट फिल्में दी हैं और आगे भी देते रहेंगे। साथ ही उन्होंने अपनी फिल्म ‘गदर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इंडस्ट्री में बड़ी सफलता पहले भी मिलती रही है और आगे भी मिलती रहेगी।
वहीं, फिल्म निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने भी जाकिर खान के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने पिछले कई दशकों में बेहतरीन और यादगार फिल्में दी हैं, उनके योगदान को कम करके आंकना उचित नहीं है।
दरअसल, जाकिर खान ने अपने बयान में ‘जुहू-बांद्रा’ का जिक्र करते हुए फिल्म इंडस्ट्री पर तंज कसा था, जिससे विवाद और बढ़ गया। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री के भीतर की प्रतिस्पर्धा और बयानबाजी को चर्चा में ला दिया है।





