ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की इन्फ्लुएंसर को गैंगरेप की धमकी: 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की कंटेंट क्रिएटर निवेदिता मंडावी को सोशल मीडिया पर अपहरण और गैंगरेप की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम के एक कथित ‘नशा मुक्ति’ ग्रुप में कुछ युवक उनकी फोटो शेयर कर आपत्तिजनक और आपराधिक बातें कर रहे थे। यह चैट लीक होने के बाद मामला उजागर हुआ।

जानकारी के अनुसार, इस ग्रुप में शामिल युवकों ने न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि निवेदिता के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की साजिश तक रच डाली। यह चैट किसी तरह निवेदिता तक पहुंची, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। निवेदिता के पिता पुलिस विभाग में डीएसपी पद पर कार्यरत हैं।

घटना के बाद निवेदिता ने खुद एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती साझा की। वीडियो में वह भावुक नजर आईं और पूरी घटना बताते हुए न्याय की मांग की। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मामले में केशकाल थाने में FIR दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी विकास बघेल के अनुसार, आरोपी केशकाल, भानुप्रतापपुर और कोंडागांव क्षेत्र के निवासी हैं। सभी के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर निवेदिता के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग सामने आए हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह मामला ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button