7 साल के मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां 7 साल के मासूम के साथ गलत हरकत के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डोंगानाला के आश्रित गांव गणेशपुर की है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, किसान शिवकुमार खुरसेंगा का बेटा आयान 2 अप्रैल की दोपहर अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था। नहाने के बाद उसके दोस्त घर लौट आए, लेकिन आयान वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने पहले आसपास तलाश की, फिर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पता चला कि आयान को आखिरी बार पड़ोसी युवक रंजीत कुमार (19) के साथ देखा गया था। पुलिस ने शक के आधार पर उससे पूछताछ की, लेकिन वह गोलमोल जवाब देता रहा। 4 अप्रैल को थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और पूरी घटना कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में तालाब पहुंचा था, जहां आयान नहा रहा था। बच्चे को देखकर उसकी नीयत खराब हो गई और वह उसे बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने गलत हरकत की कोशिश की। विरोध करने और चिल्लाने पर उसने पकड़े जाने के डर से पत्थर से बच्चे के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने सबूत छुपाने के लिए शव को पड़ोसी गांव करतली के एक कुएं में फेंक दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 12 फीट गहरे कुएं से शव बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।





