खेलो इंडिया ट्राईबल गेम्स: मल्लखंभ में छत्तीसगढ़ का दबदबा; 124.35 अंकों के साथ पुरुष टीम बनी विजेता

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के गांधी स्टेडियम में आयोजित ‘खेलो इंडिया ट्राईबल गेम्स 2026’ के पहले दिन छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और संतुलन का लोहा मनवाया। डेमो खेल के रूप में शामिल मल्लखंभ प्रतियोगिता के पहले ही दिन छत्तीसगढ़ की पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
14 राज्यों के बीच कड़ा मुकाबला
प्रतियोगिता में देश के 14 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें प्रमुख रूप से राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड, मध्य प्रदेश, दिल्ली और गुजरात शामिल थे। इन दिग्गजों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में छत्तीसगढ़ के जांबाजों ने अपनी कलाबाजी से दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीत लिया।
रोप, पोल और हैंगिंग मल्लखंभ में दिखाया दम
पहले दिन तीन मुख्य श्रेणियों— रोप मल्लखंभ, पोल मल्लखंभ और हैंगिंग मल्लखंभ में मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने खंभे और रस्सी पर अद्भुत संतुलन और फुर्ती का प्रदर्शन किया।
स्कोर बोर्ड: छत्तीसगढ़ पहले पायदान पर
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित होने पर छत्तीसगढ़ की टीम ने भारी बढ़त के साथ जीत दर्ज की:
- प्रथम स्थान: छत्तीसगढ़ (124.35 अंक)
- द्वितीय स्थान: महाराष्ट्र (118.35 अंक)
- तृतीय स्थान: झारखंड (86.95 अंक)
छत्तीसगढ़ की इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि राष्ट्रीय खेलों और बीच गेम्स के बाद अब ट्राईबल गेम्स में भी राज्य के खिलाड़ी मल्लखंभ के बेताज बादशाह हैं। स्थानीय खेल प्रेमियों और खेल विभाग ने टीम की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है।





