अंत्योदय का संकल्प: 5 लाख भूमिहीन परिवारों को 500 करोड़ की सौगात देंगे CM साय; बैगा-गुनिया परिवारों को भी मिलेगा लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है।
‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के तहत आगामी 25 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के करीब 5 लाख भूमिहीन परिवारों के बैंक खातों में 500 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे।
बलौदाबाजार में होगा भव्य कार्यक्रम
इस वित्तीय सहायता वितरण के लिए 25 मार्च 2026 को बलौदाबाजार में एक विशाल राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
सरकार की इस योजना का मुख्य उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। इस वर्ष कुल 4,95,965 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा, जिनमें प्रत्येक परिवार को 10,000 रुपये की वार्षिक सहायता दी जाएगी।
सांस्कृतिक रक्षकों का सम्मान,22 हजार बैगा-गुनिया शामिल
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें छत्तीसगढ़ की पारंपरिक विरासत को सहेजने वाले 22,028 बैगा और गुनिया परिवारों को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है। सरकार का मानना है कि ये परिवार हमारी प्राचीन औषधीय परंपराओं के संवाहक हैं, इसलिए इन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना ‘अंत्योदय’ के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में अनिवार्य कदम है।
क्यों खास है यह योजना?
ग्रामीण इलाकों में ऐसे परिवार जिनके पास खेती के लिए अपनी जमीन नहीं है और वे पूरी तरह मजदूरी पर निर्भर हैं, उनके लिए यह राशि वरदान साबित हो रही है। इस पैसे का उपयोग वे अपनी बुनियादी जरूरतों जैसे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक आवश्यकताओं के लिए कर सकेंगे। पिछले वर्ष 2025 में भी सरकार ने 5,62,112 हितग्राहियों को 562 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की थी। सीएम विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण परिवारों को कर्जमुक्त करना और उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाना ही ‘न्याय और सुशासन’ की असली परिभाषा है।





