ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

झारखंड को भाया छत्तीसगढ़ का ‘रोजगार और नियोजन’ मॉडल: जनसंपर्क की टीम ने ली जानकारी; सीएम हेमंत सोरेन को सौंपेंगे रिपोर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की युवाओं को रोजगार की जानकारी देने वाली अनूठी पहल अब पड़ोसी राज्य झारखंड में भी लागू हो सकती है।

गुरुवार को झारखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की एक उच्च स्तरीय टीम ने रायपुर स्थित ‘छत्तीसगढ़ संवाद’ का दौरा किया। टीम ने यहाँ से प्रकाशित होने वाली लोकप्रिय साप्ताहिक पत्रिका ‘रोजगार और नियोजन’ की कार्यप्रणाली, पाठ्य सामग्री और वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री सोरेन के सामने पेश करेंगे प्रस्ताव

झारखंड टीम के डिप्टी डायरेक्टर आनंद कुमार ने बताया कि छत्तीसगढ़ की यह पत्रिका प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक ‘सिंगल विंडो’ समाधान की तरह है।

इसमें सरकारी नौकरियों, करियर मार्गदर्शन और जनकल्याणकारी योजनाओं की सटीक जानकारी एक ही जगह मिलती है। टीम इस पत्रिका की प्रति और इसके मॉडल की पूरी रिपोर्ट झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सौंपेगी, ताकि वहां भी युवाओं के लिए ऐसी ही विश्वसनीय पत्रिका शुरू की जा सके।

एक ही छत के नीचे करियर की पूरी जानकारी

छत्तीसगढ़ संवाद की सहायक संपादक गीतांजली नेताम ने टीम को बताया कि यह पत्रिका कैसे सालों से छत्तीसगढ़ के लाखों युवाओं का मार्गदर्शन कर रही है।

झारखंड की टीम ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि निजी विज्ञापनों के शोर के बीच सरकारी स्तर पर ऐसी संगठित जानकारी उपलब्ध कराना युवाओं के भविष्य निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाता है।

झारखंड की इस अध्ययन टीम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के डिप्टी डायरेक्टर आनंद कुमार, विभाग की प्रतिनिधि सुनीता धान और विधि सलाहकार अमन कुमार शामिल थे।

Related Articles

Back to top button